12 जुलाई शनिवार सरस्वती बालिका विद्यालय सूर्यकुण्ड गोरखपुर में विद्यालय की रजत जयंती के उपलक्ष्य में वार्षिकोत्सव एवं मेधा अलंकरण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल महामहिम माननीय शिव प्रताप शुक्ल जी, विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेमचंद्र जी व अध्यक्ष के रुप में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना से हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या रश्मि श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि एवं समस्त अतिथियों का विनम्र अभिवादन किया। अतिथियों के परिचय एवं सम्मान के बाद कक्षा दशम एवं द्वादश की मेधावी छात्रा बहनों को सत्र 2024-25 की बोर्ड की परीक्षा में उच्चतम अंक प्राप्त करने तथा अपने जिले एवं विद्यालय में क्रमशः प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली शिक्षार्थियों को मुख्य अतिथि के द्वारा शील्ड, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिनकी कुल संख्या 50 थी। इस क्रम में आचार्या बहनों एवं प्रधानाचार्या को भी महामहिम द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में समस्त छात्राओं को शुभकामनाएं दी तथा प्राचीन भारतीय नारी, गार्गी, सावित्री, मंदोदरी तथा वर्तमान में व्योमिका सिंह एवं करनल सोफिया कुरैशी की देशभक्ति का उदाहरण देते हुए बच्चों को प्रेरित किया साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर अपना कर्म करने के लिए प्रेरित किया।
संगठन मन्त्री ने बच्चों को उद्बोधित करते हुए शिवाजी, जीजाबाई, विवेकानंद, दयानंद सरस्वती के आदर्श रुप को प्रस्तुत करते हुए महामानव बनने के लिए संस्कारित होने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की छात्राओं द्वारा भावपूर्ण नाट्यगीत. लोकनृत्य गीत, नाटक, श्रावण गीत कजरी प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय के निदेशक श्री राज बिहारी विश्वकर्मा द्वारा विशिष्ट अतिथियों, समस्त गणमान्य अतिथियों, अभिभावकगणों, पत्रकार बंधुओं, आचार्यों तथा विद्यालय परिवार के प्रति आभार ज्ञापन एवं वन्दे मातरम के साथ हुआ।
इस अवसर पर मुख्य रूप से शिशु शिक्षा समिति गोरक्ष प्रान्त के प्रदेश निरीक्षक राम सिंह, स्वामी विवेकानंद आदर्श शिक्षा समिति के अध्यक्ष कैलाश चंद्र पति त्रिपाठी, काशी प्रांत के प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी, विद्या भारती के सम्मानित पदाधिकारीगण एवं आचार्यगण, विद्यालय प्रबंधकीय समिति के समस्त पदाधिकारी गणों में मंत्री डॉक्टर नीना अस्थाना, अध्यक्ष डॉक्टर शैल पांडेय, कोषाध्यक्ष डॉक्टर चंद्रमणि ओझा, आचार्य-आचार्यगण, अभिभावकगण एवं समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।































