सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्ञान कुंज विवेकानंद नगर सुल्तानपुर में भारतीय शिक्षा समिति पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र द्वारा आयोजित दस दिवसीय प्रान्तीय प्रधानाचार्य प्रशिक्षण वर्ग आज सकुशल संपन्न हुआ। समापन समारोह में उपस्थित प्रशिक्षणार्थी काशी प्रान्त के प्रधानाचार्यों को सम्बोधित करते हुए वरिष्ठ प्रचारक एवं वर्तमान में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री श्री यतीन्द्र जी ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन अपने संगठन की कार्य पद्धति का एक अंग है। वर्ग का उद्देश्य मनुष्य को घिस घिसकर शालिग्राम बनाना है। क्योंकि जब पत्थर घिसता है तभी वह शालिग्राम बनता है। और उसकी पूजा होती है। प्रशिक्षण वह सशक्त साधन है जिसके माध्यम से घिसकर हमारा जीवन राष्ट्र के लिए सदुपयोगी बनता है। हमें हर वर्ग में कुछ न कुछ नया सीखने को मिलता है।हम यहां अनुशासित, नियंत्रित और बंधा हुआ जीवन जीते हैं। हमें दूसरे श्रेष्ठ संस्थानों में स्वयं जाकर वहां की अच्छी बातें भी प्रत्यक्ष रूप से देखकर उसे अपने यहां लागू करना चाहिए। सम्पर्क हमारी योजना का सबसे प्रमुख अंग है।हमारी सम्पर्क करने की साधना बनी रहनी चाहिए।हम समाज के लिए ही कार्य कर रहे हैं, समाज हमारा आराध्य है।








