विवेकानन्द इंटर कॉलेज, विद्युत नगर, अम्बेडकर नगर में महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती राष्ट्रीय गणित दिवस के रूप में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीमान राम तीरथ यादव जी, गणित विषय प्रवक्ता आचार्य श्रीमान सत्य प्रकाश जी, श्रीमान महेंद्र जी एवं श्रीमान विरेन्द्र जी द्वारा रामानुजन के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया गया।
इस अवसर पर गणित प्रवक्ता आचार्य सत्य प्रकाश जी ने भैया-बहनों को संबोधित करते हुए बताया कि भारत में प्रत्येक वर्ष 22 दिसंबर को श्रीनिवास रामानुजन के जन्मदिवस को राष्ट्रीय गणित दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य गणित के महत्व को रेखांकित करना तथा युवाओं में गणित के प्रति रुचि, तर्कशक्ति और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार ने वर्ष 2012 में संख्या सिद्धांत, अनंत श्रेणियों एवं सतत भिन्नों में रामानुजन के अद्वितीय योगदान को सम्मान देते हुए इस दिवस की घोषणा की थी।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य श्रीमान राम तीरथ यादव जी ने गणित विषय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सभी भैया-बहनें एवं आचार्य–आचार्या बहनें उपस्थित रहीं।










